जरीफनगर (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर में सोमवार रात खेत पर सिंचाई करने गए एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह तक वह नहीं लौटा तो परिवार वाले उसे तलाश करते हुए पहुंचे। परिवार की सूचना पर पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ग्राम शादीपुर निवासी 48 वर्षीय हरपाल के पास 20 बीघा खेत है। परिवारवालों के मुताबिक कई दिन से उनके इलाके में बिजली नहीं आ रही है। इससे ठीक से फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। उनकी फसल भी सूख रही है। वह सोमवार रात हरपाल अपने खेत पर डीजल पंप से गेहूं की फसल में सिंचाई करने गए थे। मंगलवार सुबह आठ बजे तक घर नहीं लौटे तो परिवारवालों को चिंता हुई। वह खेत पर पहुंच गए। वहां खेत में किसान का शव पड़ा हुआ था। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। गांव के तमाम लोग पहुंच गए।
परिवारवालों की सूचना पर जरीफनगर इंस्पेक्टर प्रेमपाल वार्ष्णेय आ गए। बाद में सहसवान सीओ रामकरन भी पहुंचे। उन्होंने मामले की छानबीन करते हुए किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। शव पर कोई चोट का निशान न होने से पुलिस व परिवारवाले किसान को हार्टअटैक पड़ने का कयास लगा रहे हैं। हरपाल के दो बेटे और दो बेटियां हैं।