वजीरगंज। कस्बे में किसान से दो लाख रुपये लूटने वाले बदमाशों का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा। थाना पुलिस ने लूटपाट के शिकार किसान को रातभर आरोपी की तरह थाने में बैठाए रखा और उससे पूछताछ करते रहे। सुबह कहीं पुलिस ने एक स्थानीय नेता के कहने पर किसान को छोड़ा। अब भी पुलिस मामले की छानबीन करने का दावा कर रही है।
कस्बे में मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक किसान से दिनदहाड़े दो लाख रुपये लूट लिए थे और बदायूं की ओर भाग गए थे। यहां बता दें कि मोहल्ला नाई निवासी किसान दीपक कुमार दो लाख रुपये जमा करने एसबीआई जा रहे थे। लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस देर शाम तक छानबीन करती रही, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने दीपक कुमार को ही थाने में बैठा लिया। रुक रुक कर रातभर पुुलिस दीपक से पूछताछ करती रही। उनके परिवार वाले भी थाने पहुंच गए थे, लेकिन पुलिस ने दीपक को नहीं छोड़ा। सुबह एक स्थानीय नेता थाने पहुंचा। तब कहीं पुलिस ने दीपक को उनके हवाले किया।
इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि अभी मामले की छानबीन चल रही है। घटना की पुष्टि के बाद रिपोर्ट दर्ज करेंगे। दीपक को जानकारी लेने के लिए थाने बुलाया गया था।