बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के लिंक मार्ग पर सुखाने के लिए डाली गई मक्का की रखवाली करते-करते सड़क किनारे चारपाई पर सो रहे किसान को किसी वाहन ने कुचल दिया। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
थाना क्षेत्र के गांव गोठा निवासी रियासत अली (40) पुत्र हासिम अली ने गांव जखौलिया और गोठा के बीच अंडरपास के पास सड़क किनारे मक्का सूखने के लिए फैलाई हुई थी। देर रात मक्का किनारे समेट कर उसकी रखवाली करते-करते वह सड़क किनारे पड़ी चारपाई पर ही सो गया।
बताते हैं कि रात में किसी अज्ञात वाहन ने चारपाई समेत किसान को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद किसान की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह राहगीरों ने किसान का क्षत-विक्षत शव देखा तो सूचना उसके परिजनों को दी।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।