बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गौटिया निवासी यादराम के साथ एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यादराम नौ मार्च की रात अपने ड्राइवर अजय सिंह के साथ ट्रैक्टर से खेत की जोताई करवा रहे थे।
इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और ड्राइवर से अभद्रता करने लगा। जब यादराम ने बीच-बचाव कर विरोध किया, तो उस अज्ञात हमलावर ने यादराम के सीने पर गोली मार दी। घायल अवस्था में यादराम को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया और पीड़ित के शिकायती पत्र पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ जानलेवा हमला की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर इस गंभीर मामले की जांच उपनिरीक्षक बृजपाल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस हमलावर की पहचान करने के लिए स्थानीय मुखबिरों और साक्ष्यों की मदद ले रही है ताकि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। संवाद