प्रचार वाहनों को रवाना करती एडीएम न्यायिक कल्पना जायसवाल। स्रोत- कृषि विभाग
बदायूं। जिले के किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर से प्रत्येक तहसील के लिए पांच प्रचार वाहन रवाना किए गए। प्रचार वाहनों को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) कल्पना जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर तहसीलों के लिए रवाना किया।
रवानगी के अवसर पर उप कृषि निदेशक मनोज कुमार, जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इन प्रचार वाहनों के माध्यम से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रचार वाहनों में फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ा आवश्यक साहित्य भी रखा गया है, जिसे किसानों में वितरित किया जाएगा। साथ ही वाहनों में तैनात नामित नोडल कार्मिक गांव-गांव जाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभों की जानकारी देंगे और मौके पर ही जागरूक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री भी कराई जाएगी। संवाद