बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र में बदायूं-दातागंज मार्ग पर किसरुआ गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे किसान को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेमपाल के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रेमपाल सड़क पार कर रहे थे, तभी बदायूं की ओर से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि किसान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बदायूं-दातागंज मार्ग पर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर थाना मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।