बिल्सी। गांव नागरझूना में मंगलवार सुबह बंदरों के हमले से एक किसान छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट आने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गांव नागरझूना निवासी छबील शाह पुत्र काबिल शाह मंगलवार सुबह मकान की छत पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बंदरों का झुंड वहां पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदरों ने किसान पर हमला कर दिया। खुद को बचाने के प्रयास में वह घबराकर भागने लगे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरे।
छत से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। मौके पर परिवार के लोगों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
इधर, सीएचसी प्रभारी डाॅ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि सिर में चोट होने के कारण घायल छबील शाह को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है, ताकि बेहतर इलाज हो सके।