इस्लामनगर। थाना क्षेत्र के गांव मुसियानगला में सोमवार दोपहर ट्रैक्टर से खेत की तारबंदी गिरने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक युवक ने बुजुर्ग किसान को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इससे किसान की मौत हो गई। किसान के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव मुसियानगला निवासी अवधेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार को उसके पिता नेत्रपाल (55) खेत पर आलू की खोदाई करा रहे थे। वहीं, वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से खेत पर आ रहा था। इसी दौरान ट्रॉली की चपेट में आने से पड़ोस के ओमवीर के खेत में लगी तारकशी के बांस उखड़ गए। इस बात को लेकर ओमवीर आक्रोशित हो गया और उसने उनके खेत की भी तारकशी को उखाड़नी शुरू कर दी।
पिता नेत्रपाल ने ओमवीर का विरोध किया। इस पर ओमवीर ने उसके पिता को धक्का मारकर जमीन पर गिरा दिया। इससे उसके पिता बेहोश हो गए। वह और उसका ममेरे भाई अरविंद बेहोश पिता को रुदायन के एक डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने पिता को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने ओमवीर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।