इस्लामनगर। थाना क्षेत्र के रसूलपुर सवगा गांव में शनिवार शाम खेत में बाजरे की बालियां निकालते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 26 वर्षीय किसान ललतेश की मौत हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए चंदौसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
सगवा गांव निवासी हरिश्चंद्र के बेटे ललतेश शनिवार शाम करीब सात बजे अपने खेत में बाजरे की बालियां निकाल रहे थे। सीओ ने बताया कि बालियां निकालकर वह लोहे की परात लेकर उठे, तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़े। हादसे के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में चंदौसी लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम कराया गया है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।