उसावां। मक्के का नमूना दिखाकर पैदल घर लौट रहे बुजुर्ग किसान को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसा मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। थाना क्षेत्र के ग्राम उदैया नगला निवासी भीमसेन यादव (75) मक्के का नमूना दिखाकर उसावां लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल बुजुर्ग को सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भीमसेन यादव की मौत की खबर मिलते ही पत्नी मोरकली, नाती आराम सिंह और अन्य ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। वह अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। इधर, सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी बाइक सवार की तलाश में जुटी है।
बरेली बाइपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
- मानसिक रोग से पीड़ित थे मथुरा प्रसाद, घर से पैदल निकले थे
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बरेली बाइपास पर शुक्रवार को किसी वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गांव दौरी नरोत्तमपुर निवासी मथुरा प्रसाद (65) काफी समय से मानसिक रोग से पीड़ित थे। मथुरा प्रसाद के भाई राजबहादुर ने बताया कि वह शुक्रवार शाम घर से पैदल निकल गए थे। देर शाम बरेली बाइपास स्थित बाबा वाटर पार्क के पास सड़क पार करते समय किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी राहगीरों ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचकर घटना की सूचना को पुलिस को दी। सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर मिलने पर आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।