अलापुर। नगर पंचायत अलापुर के ईओ त्रिवेंद्र कुमार और चेयरपर्सन के बीच खींचतान और बढ़ गई है। चेयरपर्सन हुमा बी ने ईओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए नगर विकास में लिखित शिकायत की। शिकायत पर नगर विकास के निदेशक अनुज कुमार झा ने ईओ के खिलाफ जांच के निर्देश जारी किए हैं। निदेशक ने 23 जुलाई को डीएम को पत्र जारी कर जांच आख्या निदेशालय भेजने को कहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष हुमा बी ने नगर विकास निदेशक को 9 जुलाई को शिकायती पत्र भेजकर ईओ पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसमें बताया गया था कि ईओ को 30 जून को नोटिस जारी किया था। इसमें 15 गंभीर प्रशासनिक, वित्तीय और कार्यालयीय अनियमितताओं पर सात कार्यदिवस के भीतर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।
अनुपस्थिति रहने, विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया में देरी, विभिन्न योजनाओं की डीपीआर समय से तैयार न करना, ठेकों की नीलामी न कराना, आउटसोर्स कर्मियों का वेतन रोकना, ठेकेदारों के भुगतान लंबित रखना और सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण न हटाने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे। इसके अलावा उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन न करने का भी उल्लेख किया था।
चेयरपर्सन ने लिखित शिकायत में कहा कि ईओ का रवैया प्रशासनिक शिथिलता और कर्तव्यहीनता को दर्शाता है। नोटिस में पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि समय पर जवाब न मिलने की स्थिति में मामला शासन को भेजा जाएगा। पूरा प्रकरण निदेशक, स्थानीय निकाय उत्तर प्रदेश शासन को भेजते हुए अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध सेवा नियमों के तहत विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने की संस्तुति की। साथ ही शासन स्तर से आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लेने का अनुरोध भी किया।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए निदेशक ने डीएम अवनीश राय को पत्र भेजकर जांच कराकर आख्या तलब की है। इधर, डीएम अवनीश कुमार ने बताया कि मामला दिखवाएंगे। अभी उन्हें इस संबंध में कोई पत्र मिला नहीं है।