वसीम को मैन ऑफ द मैच देते दीपक चौहान। संवाद
बिल्सी। बदायूं बस स्टैंड के निकट मैदान पर चल रहे टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार का मैच दर्शकों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। फरीदी क्रिकेट क्लब और अलमीर क्रिकेट क्लब के बीच खेले गए इस मुकाबले में हर गेंद पर मैच का रुख बदलता रहा। इसमें फरीदी क्लब ने संघर्षपूर्ण जीत हासिल की।
अलमीर क्रिकेट क्लब के कप्तान मोनिस सिद्दीकी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया। फरीदी क्लब के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर दबाव बनाए रखा। अलमीर क्लब की पारी 73 रनों पर सिमट गई। मोनिस केवल एक रन ही बना सके, लालू ने तीन रन, अरुण ने 10 रन, मोजिम ने दो रन, शाहिल ने 17 रन, अजीत ने छह रन, धर्मेंद्र ने 20 रन और राहुल ने एक रन का योगदान दिया। फरीदी क्लब के गेंदबाज वसीम, अदनान, अगम और सतेंद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट लिए। इमरान ने एक विकेट झटका।
लक्ष्य का पीछा करते हुए फरीदी क्रिकेट क्लब की शुरुआत धीमी रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम पर दबाव बढ़ा, लेकिन मध्यक्रम में वसीम के 15 रन और अभिषेक सिंह के 14 रन की बदौलत पारी आगे बढ़ की। वहीं मुदित असावा व इमरान ने आठ-आठ रन, फईम ने 10 रन और अदनान ने दो रन बनाए। हालांकि मैच अंत तक रोमांचक मोड़ पर रहा और टीम ने नौ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। अलमीर क्लब की गेंदबाजी में मोजिम सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट लिए। चंदू और साहिल ने दो-दो विकेट हासिल कर टीम को वापसी दिलाने की कोशिश की, लेकिन जीत उनके हाथ से निकल गई। मैच के हरफनमौला खिलाड़ी वसीम को दीपक चौहान द्वारा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान विशाल, रिजवान मलिक, इकरार अहमद, रोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।