हत्या के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार
हरिओम की हत्या के मामले में 12 आरोपियों को नामजद कर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मंगलवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल्हाड़ी, भाला और लोहे की रॉड की बरामद की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने सोमवार रात दबिश देकर गांव निवासी चंद्रकेश, प्रेम सिंह, चंद्रवीर, पप्पू, सुरेश चंद्र और जितेंद्र को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लोहे की दो रॉड और दो लाठी भी बरामद कीं। गौरतलब है कि रविवार रात गांव निवासी कल्याण सिंह की बेटी की बरात आई थी। दावत में शामिल होने के बाद हरिओम, रामानंद और जुगेंद्र घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के चौराहे पर चंद्रवीर और जितेंद्र अपनी कार लेकर पहुंचे। चौराहे पर कार खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हुई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए हरिओम की मौत हो गई थी।
होली पर हुई कहासुनी के बाद रंजिश मान रहा था आरोपी पक्ष
हरिओम और आरोपी पक्ष की होली पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद से आरोपी पक्ष हरिओम पक्ष से रंजिश मानने लगा था। रविवार की रात कार खड़े करने को लेकर कहासुनी हुई तो रंजिशन हरिओम पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था।
सीओ से आरोपियों को फांसी पर लटकाने की गुहार लगाई
घटना के बाद मंगलवार को सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे और मृतक हरिओम की पत्नी प्रियंका और परिजनों से मुलाकात की। सीओ ने परिवार को ढाढ़स बंधाया। हरिओम के डेढ़ साल के बेटे आदित्य को दुलार भी किया। उन्होंने परिवार से कहा कि जल्द से जल्द सभी आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। मृतक की पत्नी ने आरोपियों को फांसी पर लटकाने की गुहार लगाई। सीओ ने सभी को सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी खड़े करने को लेकर हुए विवाद में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में 12 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। भागे हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।