सिटी मजिस्ट्रेट ने गांधी ग्राउंड का निरीक्षण किया। संवाद
बदायूं। गांधी ग्राउंड में संचालित हो रहे मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क नजर आ रहा है। अग्निशमन विभाग की एनओसी के बिना मेला शुरू होने पर प्रशासन ने संचालन रुकवा दिया था। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने मेला परिसर में लगाईं दुकानों, झूलों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दुकानदारों व आयोजकों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि अग्निशमन विभाग के सभी मानकों का पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अधिकारियों ने मेला परिसर में आग से बचाव के इंतजाम, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं परखीं। सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने और विभागीय अनुमति मिलने के बाद ही मेले का संचालन कराया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप मिलने के बाद ही मेले को पूर्ण रूप से संचालित करने की अनुमति दी जाएगी।