वर्षों से चली आ रही व्यवस्था पुलिस ने खत्म कराई
क्षेत्र के समीपवर्ती गांव रुखाड़ा के शिवमंदिर पर चल रहे मेले में वस्तुओं की खरीद पर लगने वाले कर को थाना पुलिस ने मेला कमेटी से वार्ता के बाद समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने इस पर खुशी जाहिर की है। मेला में खरीदारी पर कर वसूली की परंपरा पुरानी थी इसलिए पुलिस की ओर से खत्म कराई गई इस व्यवस्था को एतिहासिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
ग्राम रुखाड़ा के प्राचीन शिवमंदिर पर महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में दस दिवसीय मेला प्रसिद्ध मेले का आयोजन हर साल किया जाता है। दूर दराज से लोग फर्नीचर, लोहे के सामान, अलमारी आदि सामान को खरीदने के लिए यहां पहुंचते हैं। व्यापारी भी काफी दूर से यहां दुकान लगाने के आते हैं। हर बार मेला कमेटी बिक्री वालों के साथ खरीदारों से भी कर वसूलती है, लेकिन इस बार थानाध्यक्ष रामनरेश माथुर ने मेला कमेटी के साथ बैठक करके कर वसूली खत्म कर दी। साथ ही एलान कराया कि यदि कोई वसूली करते पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कमेटी अध्यक्ष भगवान गिरी, प्रवेश गिरी, मुनेंद्र आदि मौजूद रहे।