बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए बृहस्पतिवार को दातागंज में बदायूं रोड के पास काम शुरू हो जाएगा। बुधवार को कार्यदायी संस्था की टीम मशीनों के साथ दातागंज पहुंच गई। इसके बाद बिसौली में काम शुरू कराया जाएगा। बिसौली में साइट तय की जा रही है। बिनावर में काम चल रहा है, लेकिन यहां काम की रफ्तार भूमि अधिग्रहण न होने के कारण धीमी हो गई है। बिनावर में करीब पांच एकड़ भूमि को लेकर पेच फंस रहा है।
गंगा एक्सप्रेस-वे बदायूं की चार तहसीलों के 85 गांवों से होकर यहां 95 किमी दूरी तय करेगा। कार्यदायी संस्था एसजी इंफ्रा लिमिटेड इंजीनियरिंग लिमिटेड ने राम नवमी के दिन 10 अप्रैल को तहसील सदर के बिनावर के गांव कुतुबपुर थरा से काम शुरू किया था। यहां काफी काम हो चुका है। इसके बाद रेल लाइन के दोनों ओर काम शुरू किया जा चुका है। बिनावर में काम कुछ धीमा हो गया है। दरअसल, कुतुबपुर थरा, पलिया झंडा, मोहम्मदपुर गांवों में कुछ जमीन का अधिग्रहण बाकी है। यहां ऐसी पांच एकड़ जमीन है। इसके साथ ही गांव के इबले हसन और इशलाख ने दावा किया है कि उन्होंने एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन का बैनामा यूपीडा के पक्ष में कर दिया, लेकिन अब तक मुआवजा की राशि उनको नहीं मिली है। ऐसे में कार्यदायी संस्था ने इन स्थानों पर काम रोककर दूसरे स्थानों पर शुरू कर दिया है।
बृहस्पतिवार से दातागंज में भी काम शुरू कर दिया जाएगा। बुधवार को कार्यदायी संस्था एसजी इंफ्रा लिमिटेड इंजीनियरिंग लिमिटेड की टीम मशीनों के साथ दातागंज पहुंच गई। यहां नगर के पास ही बदायूं-दातागंज रोड से एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए भूमि समतलीकरण का काम शुरू किया जाएगा। एक टीम ने जिले में अन्य स्थानों पर भी साइट देखी हैं। बिसौली में भी जल्द काम शुरू होना है।
-
पेड़ काटने को अभी नहीं मिली अनुमति
गंगा एक्सप्रेस-वे जिन स्थानों से गुजरना है वहां वन भूमि पर वन विभाग के करीब एक हजार पेड़ हैं। इन पेड़ों के कटान के लिए वन विभाग ने केंद्रीय पर्यावरण और वन मंत्रालय से अनुमति मांगी है। पेड़ों के संबंध में सभी सूचनाएं केंद्र को भेजी जा चुकी हैं। उनकी प्रजाति, उम्र को लेकर भी आंकड़े भेज दिए गए हैं, लेकिन अब तक पेड़ों को काटने के लिए अनुमति नहीं मिल सकी है। डीएफओ अशोक कुमार सिंह का कहना है कि केंद्र से अनुमति मिलने के बाद पेड़ों का कटान शुरू कर दिया जाएगा।
-
बिनावर में काम चल रहा है। यहां करीब पांच एकड़ भूमि के अधिग्रहण को लेकर स्थिति साफ नहीं है। बृहस्पतिवार से दातागंज में भी काम शुरू कर दिया जाएगा। जिले में अन्य स्थानों पर भी साइट की तलाश की जा रही है।
- विनोद तिवारी, सर्वेयर, एसजी इंफ्रा लिमिटेड इंजीनियरिंग लिमिटेड