बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला शाहबाद में रविवार की रात गंधक और पोटाश पीसते समय हुए धमाके में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। इनमें तीन मासूम शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गांव निवासी प्रदीप पुत्र नाथूलाल घर में पटाखों में इस्तेमाल होने वाला गंधक और पोटाश पीस रहे थे। घर्षण के कारण अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। धमाके की चपेट में प्रदीप की पांच साल की बेटी सुहानी, विनीत का चार साल का बेटा रितिक और दस साल का बेटा अनुज आ गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास अफरातफरी मच गई। सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया।
बताते हैं कि प्रदीप के हाथ और चेहरे पर चोटें आई हैं, जबकि बच्चों के हाथ, पीठ और चेहरे आंशिक रूप से झुलस गए हैं। रितिक की आंखों में जलन और धुंधलेपन की शिकायत है, जिस पर डॉक्टर विशेष निगरानी रख रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि त्योहारों का समय होने के कारण कई घरों में पटाखों का पाउडर तैयार किया जा रहा है।
आशंका है कि यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ। इधर, कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उक्त मामले की सूचना उन्हें नहीं दी गई है फिर भी वह जांच कराएंगे।