बदायूं। परिषदीय विद्यालयाें की परीक्षाएं 23 से 28 दिसंबर के बीच में होनी हैं। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चार सचल दल की टीमों का गठन किया है, जो परीक्षा के दौरान सक्रिय रहेंगी।
प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, संविलियन व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की परीक्षा होगी। परीक्षा को नकलविहीन कराने के उद्देश्य से चार सचल दल का गठन किया गया है। एक सचल दल में एक प्रभारी अधिकारी व दो सदस्य नामित किए गए हैं। एक सचल दल के प्रभारी बीएसए वीरेंद्र कुमार, दूसरे में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी समग्र शिक्षा मुनीश चंद्र श्रीवास्तव, तीसरे में खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम सुख गंगवार और चौथे सचल दल में प्रभारी जिला समन्वयक प्रशिक्षण कृष्ण कुमार प्रजापति को नामित किया गया है।
बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर शिक्षक, कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें उनकी वार्षिक वेतनवृद्धि, बोनस, आवासीय भत्ता रोका जा सकता है। साथ ही अन्य कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।