रविवार को शहर के 18 परीक्षा केंद्रों पर लेखपाल भर्ती परीक्षा थी। जिले के आला अफसरों ने केंद्रों पर मौजूद जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों से स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की। प्रथम पाली निर्धारित समय प्रात: 10.30 बजे शुरू हुई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के आसपास भारी तादाद में परीक्षार्थियों की भीड़ जमा हो गई थी। नौकरी की चाहत में अभ्यर्थियों में काफी उत्साह था। परीक्षार्थियों को सभी केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पूर्व प्रवेश पत्र चेक करने तथा गहन तलाशी के बाद केंद्र में प्रवेश कराया गया। डीएम के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, लाइट और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई थी। दास डिग्री कॉलेज को सबसे अधिक संवेदनशील मानकर यहां भारी फोर्स और एंबुलेंस सहित चिकित्सीय टीमें लगाई गई थीं। शांति पूर्ण निष्पक्ष एवं सकुशल परीक्षा संपन्न होने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
भीड़ नियंत्रण में कामयाब रहे अस्थायी बस स्टैंड
बदायूूं। चार स्थानों पर बनाए गए अस्थायी रोडवेज बस स्टैंड काफी कारगर सिद्ध हुए, लेकिन स्थानीय परीक्षार्थी होने के कारण अधिकतर अभ्यर्थी अपने-अपने वाहनों से ही आए थे। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाया गया था। परीक्षार्थियों की सुविधाएं यातायात व्यवस्था संभालने तथा कानून एवं शांति व्स्था के बनाए रखने को शहर में भी 15-15 पुलिस कर्मियों की टीम बनाकर लगाया गया था। एडीएम प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने एसपी के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। दोनों पालियों की परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पत्रकों को सील कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मुख्यालय से भेज दिया गया है।