जनपद में 13 सितंबर रविवार को शहर के 18 परीक्षा केंद्रों पर 19,972 परीक्षार्थी लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा देंगे। प्रथम पाली में 10:30 से 12 बजे तथा द्वितीय पाली 3 से 4:30 बजे तक परीक्षा होनी है। परीक्षा निष्पक्ष कराने के लिए 18-18 सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापक एवं 19 उप केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों को छह जोन में बांटा गया है। दो उड़नदस्तों की टीम का गठन भी किया गया है।
इसके साथ ही प्रशासन ने व्यवस्थापकों को हिदायत दी कि बिना तलाशी के किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश न करने दिया जाए। केंद्रों पर कॉपी, सादा एवं लिखित कागज, खाने-पीने की सामग्री, पान-सिगरेट, गुटका, शस्त्र, व्हाइटनर, इरेजर, ब्लेड सहित मोबाइल अथवा अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। अनुचित साधनों का प्रयोग करने, नकल कराने पर परीक्षा से डिबार करते हुए संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
एक घंटा पहले सेंटर पहुंचे परीक्षार्थी
बदायूं। परीक्षा केंद्र पर तैनात समस्त अधिकारी, कर्मचारी डयूटी कार्ड के बिना ड्यूटी नहीं कर सकेंगे। गेट पर ही क्लॉक रूम स्थापित किया जाएगा। परीक्षार्थी अपना सामान रखकर ही अंदर प्रवेश कर सकेंगे। ड्यूटी पर लगे स्टाफ को दो घंटे व परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्रप र पहुंचने के निर्देश हैं। परीक्षार्थियों को पेपर से तीस मिनट पूर्व ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट के बाद किसी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं नहीं दिए जाने की बात कही गई है। प्रश्न पुस्तिकाओं एवं उत्तर पत्रकों के पैकेट परीक्षा प्रारंभ होने से बीस मिनट पूर्व परीक्षार्थियों के सामने खोले जाएं। पैकेट के लेबल पर दो परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर भी कराए जाएंगे। प्रश्न पुस्तिका कटी-फटी उसमें कोई पृष्ठ गायब होने अथवा स्पष्ट मुद्रित न होने पर कक्ष अंतानिरीक्षक उस पुस्तिका को वापस लेकर परीक्षार्थी को उसी सीरीज की दूसरी पुस्तिका उपलब्ध कराएंगे।