बदायूं। मझिया गांव में दो बच्चियों सहित तीन की मौत के बाद भी जिला पंचायती राज विभाग नहीं चेता है। गांव में साफ-सफाई के लिए टीम नहीं भेजी गई। इससे गांव में गंदगी पसरी हुई है। वहीं गांव में स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को शिविर लगाकर 32 लोगों की जांच की, जिसमें सात बुखार से पीड़ित मिले। मलेरिया विभाग ने एंटी लार्वा का छिड़काव कराया।
ब्लॉक जगत के मझिया गांव निवासी प्रिया सागर, निशा और नेत्रराम की मौत हो चुकी है। लगातार तीन मौतों से गांव में दहशत है। स्वास्थ्य विभाग के डॉ. सबूर खान, डॉ. दमयंती वर्मा और डॉ. अनुराधा सक्सेना ने मरीजों की जांच की। सभी की डेंगू और मलेरिया की जांच कराई गई। जांच में किसी भी मरीज में डेंगू या मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई।
जिला मलेरिया विभाग की ओर से अमित तिवारी ने गांव में पहुंचकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया, ताकि मच्छरों के लार्वा को खत्म किया जा सके। वहीं, दूसरी ओर गांव में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार मौतों के बाद गांव में नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है।
जगह-जगह जमा गंदगी और पानी बीमारी फैलने की आशंका बढ़ा रहे हैं। केवल दवा का छिड़काव पर्याप्त नहीं है, गांव में विशेष सफाई अभियान चलाकर जलभराव खत्म कराना भी जरूरी है। खासतौर पर तालाब के ओवरफ्लो पानी का निकास किया जा। साथ ही उसकी सफाई कराई जाए।
स्कूल के पास व्यापक सफाई की जरूरत
गांव के सोहन, साेनू, किशन व महेश ने बताया कि उच्च प्राथमिक स्कूल और प्राथमिक स्कूल के पास में गंदगी की वजह से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है। स्कूल के पास भरे पानी में मच्छरों को जमावड़ा है, लेकिन यहां पर रोजाना तो दूर की बात सालों में सफाई नहीं होती। केवल अधिकारी या जनप्रतिनिधि आते हैं, तब ही गांव में सफाई होती है।
मझिया गांव में सफाई कर्मियों की टीम भेजी गई थी। मंगलवार को खुद भी ग्राम पंचायत में जाकर निरीक्षण करूंगा। साफ-सफाई कराई जाएगी। ग्रामीणों को घबराने की जरूरत नहीं है। - यावर अब्बास, डीपीआरओ, बदायूं