सुरक्षा के हर पहलू पर डीएम के साथ किया विचार-विमर्श
विधानसभा सामान्य निर्वाचन के लिए कलक्ट्रेट में की गई बेरीकेडिंग और मंडी समिति में बनाए गए स्ट्रांग रूम का सोमवार को नोडल अफसर बनकर आए रामपुर रेंज में अर्द्धसैनिक बल के डीआईजी एसएस सिद्धू और जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा से संबंधित हर पहलू पर फोकस करते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर विचार-विमर्श किया।
डीईओ पवन कुमार ने डीआईजी के साथ कलक्ट्रेट परिसर और उसके सामने मुख्य मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीईओ ने सीआरपीएफ के नोडल अफसर को अवगत कराया कि विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन किन कक्षों में कराए जाएंगे। अधिकारियों ने प्रवेश द्वार का स्थलीय निरीक्षण किया और कलक्ट्रेट के मुख्य मार्ग को देखकर पूरब, पश्चिम दिशा में बैरियर लगवाने के निर्देश दिए। बताया कि प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के वाहनों को इस्लामियां इंटर कॉलेज स्थित पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। किसी प्रत्याशी का वाहन कलक्ट्रेट में प्रवेश नहीं होगा। नामांकन कक्ष में केवल पांच व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। डीईओ ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर को बताया कि नामांकन पत्र ऑनलाइन अपलोड भी किया जाएगा। नामांकन कक्षों में अभिलेखों को रखने को अलमारी एवं बक्से आदि की व्यवस्था भी की जाए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव, एडीएम प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, एसपी आरए संजय राय आदि अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद डीआईजी सिद्धू ने मंडी समिति स्थिति सभी विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम में पूरी तरह मजबूत सुरक्षा बरती जाए। साथ ही बिजली पानी आदि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं।