दातागंज (बदायूं)। तहसील क्षेत्र के गांव बेलाडांडी में आज भी तीन हजार बीघे से ज्यादा ग्राम समाज की जमीन पर दबंगों का कब्जा है। हालांकि तहसील प्रशासन ने भूमाफिया के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत करीब चार सौ बीघा जमीन को उनसे मुक्त कराया था, लेकिन अब प्रशासन भी दबंगों के आगे फेल हो गया है।
योगी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को सरकारी जमीनों पर हुए कब्जे को मुक्त कराने के लिए भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए थे। साफ निर्देश थे कि किसी भी भूमाफिया को बख्शा नहीं जाए। बावजूद इसके तहसील क्षेत्र के गांव बेलाडांडी में आज भी ग्राम समाज की करीब 32 सौ बीघा जमीन पर दबंगों का कब्जा है। तहसील प्रशासन ने इन दबंगों को जमीनों से कब्जा हटाने के आदेश भी दिए थे। कई बार नोटिस जारी किए, मगर दबंगों पर उसका असर नहीं पड़ा। हालांकि तहसील प्रशासन ने अभियान के तहत इस गांव में ग्राम समाज की करीब चार सौ बीघा जमीन को दबंगों से मुक्त कराया है, लेकिन बाकी जमीन मुक्त नहीं हो सकी है।
भूमाफिया के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। जहां पर भी जमीनों पर कब्जे हैं, उन्हें मुक्त कराया जा रहा है। बेलाडांडी में भी जमीन से कब्जा हटवाया गया है। मेढ़ लगवा दी गई है। बाकी जमीन को भी जल्द मुक्त कराया जाएगा।
- केबी सिंह, एसडीएम दातागंज