शुक्रवार रात 12 बजे हुई घटना, एक पकड़ा गया, दूसरा फरार
पुलिस ने मौके से बरामद किए पशु काटने के कई औजार
सहसवान (बदायूं)। शुक्रवार की रात सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर के जंगल में पुलिस की पशु तस्करों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। एक पशु तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि दूसरा तस्कर भाग निकला। मौके से पशु काटने के कई औजार भी बरामद हुए हैं।
शुक्रवार रात 12 बजे सहसवान कोतवाली क्षेत्र के इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह इलाके में गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि भवानीपुर के जंगल में दो तस्कर एक संरक्षित पशु को काटने के लिए ले गए हैं। इस पर उन्होंने तुरंत एसआई रामेंद्र सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों को बुला लिया। पुलिस टीम ने टेढ़ाघाट पुल के बराबर से चकरोड पर पहुंचकर पशु तस्करों की घेराबंदी की। किसी तरह तस्करों को पुलिस की भनक लग गई और उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। उनसे बचने के लिए पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस की गोली एक तस्कर के पैर में लग गई। वह मौके पर ही गिर गया। उस वक्त अंधेरा था, जिसका फायदा उठाकर दूसरा तस्कर मौके से भाग गया।
जिस तस्कर के पैर में गोली लगी है, उसने पूछताछ में अपना नाम ग्राम भवानीपुर खैरू निवासी आलम पुत्र यासीन उर्फ आसीन बताया। सूचना पर रात में ही एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा और सीओ सहसवान चंद्रपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। देर रात तक मौके से भागे तस्कर की तलाश चलती रही, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। घायल तस्कर को रात में ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसने फरार तस्कर का नाम कस्बे के मोहल्ला पठान टोला निवासी हारिश पुत्र इदरीस बताया। मौके से एक संरक्षित पशु, एक कुल्हाड़ी चार छुरी, एक तराजू बाट, प्लास्टिक की थैली, रस्सी, कपड़ा, तमंचा आदि बरामद हुआ है। इनमें आलम के खिलाफ चार और हारिश के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज हैं।
सहसवान कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की रात मुखबिर की सूचना पर भवानीपुर के जंगल में घेराबंदी की। दो तस्कर संरक्षित पशु को काटने के लिए लाए थे। उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर को गोली लगी है। दूसरा तस्कर भाग निकला। मुकदमा दर्ज कर इसमें कार्रवाई की जा रही है।
- सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात