बिनावर। थाना बिनावर पुलिस ने देर रात एक मुठभेड़ के दौरान कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और गोकशी में लिप्त शातिर अभियुक्त आसिफ पुत्र पप्पू कुरैशी, निवासी सिकरौड़ी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आसिफ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। उसके दो साथी मौके से भाग निकले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा 315 बोर, एक कारतूस व दो खोखा कारतूस और गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। घायल अवस्था में उसे पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात पुलिस टीम मोहम्मदपुर बिहार के जंगल, पलिया झंडा रेलवे फाटक क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी झाड़ियों के भीतर से संदिग्ध आवाजें पकड़ो, पकड़ो घेरो सुनाई दीं। पुलिस टीम ने जब टॉर्च की रोशनी डालते हुए झाड़ियों की ओर ललकारा तो वहां छिपे तीन लोगों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी और खेतों की ओर भागने लगे।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से गिर पड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम आसिफ बताया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी आसिफ ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों के साथ मिलकर गोवंशीय पशुओं का वध कर मांस बेचने का धंधा करता है। उसने बताया कि वे तीनों इसी इरादे से मौके पर मौजूद थे। भागने के लिए उन्होंने पुलिस पर फायरिंग भी की।
पुराना आपराधिक इतिहास, पहले से दर्ज हैं सात मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी आसिफ एक शातिर और आदतन अपराधी है। उस पर पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निषेध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, रिसीवर, आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने मामले में थाना बिनावर में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है। साथ ही मौके से भागे दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रहीं हैं।