बदायूं। जिला कारागार में विभिन्न अपराधों में बंद महिला बंदियों के साथ उनके 11 बच्चे भी सजा भुगत रहे हैं। इन बच्चों को सुरक्षित बचपन योजना के तहत जोड़कर उन्हें सुविधाएं दिलाई जाएंगी। मंगलवार को संयुक्त निगरानी समिति ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। सुरक्षित बचपन की निगरानी समिति के अंतर्गत चिन्हित बच्चों की स्थिति एवं उनकी आवश्यकताओं की समीक्षा भी की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मानवेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षित बचपन योजना के तहत महिला बंदियों के ऐसे बच्चे, जो अपने घरों पर रह रहे हैं, उनको भी इस योजना से जोड़ा जाए। निरीक्षण के दौरान बच्चों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एसीएमओ एवं बाल रोग विशेषज्ञ को आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेन्द्र कुलश्रेष्ठ, एसीएमओ डॉ. मोहन झा, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष नंद किशोर पाठक, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार एवं प्रीती कौशल आदि उपस्थित रहीं।