बदायूं। दीपावली व धनतेरस के लिए बाजार सज गए हैं। जहां वाहन खरीद के लिए एडवांस बुकिंग जारी है तो वहीं इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने में भी लोग खूब दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर एलईडी, वॉशिंग मशीन और होम थिएटर की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इन दुकानों पर सुबह से लेकर शाम तक ग्राहकों की भीड नजर आ रही है। उधर, ग्राहकों की भरपूर भीड देखकर दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आ रहे हैं।
शहर का मुख्य बाजार, पालिका रोड, टिकटगंज, छह सड़का, सराफा बाजार, घंटा घर, मंडी बाजार, घास मंडी बाजार आदि में भी रविवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी करने पहुंचे। शोरूम से लेकर दुकानों के बाहर तक स्टॉल लगे रहे। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों को खासा सजाया है। इस बार ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदार तरह-तरह के आकर्षक ऑफर लेकर आएं हैं। यही कारण है कि लोग भी इन आकर्षण ऑफरों का फायदा उठाने के लिए खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं।
जिले में 500 से ज्यादा इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम हैं, जिन पर खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। शोरूम संचालक भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए छूट व उपहार भी साथ दे रहे हैं, जिससे ग्राहकों को फायदा भी हो रहा है। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड से सामान लेने पर भी भारी छूट है। साथ ही कई निजी कंपनियां भी फाइनेंस पर सामान खरीदने के ऑफर दे रहीं हैं। वहीं ग्राहकों की भीड को देख कारोबारियों के चेहरों पर भी खूब रौनक बढ़ी हुई है।
बेहतर कारोबार की उम्मीद
ग्राहक एलईडी, वॉशिंग मशीन और होम थिएटर को खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे है। महिलाएं जहां वाशिंग मशीन को खरीदने में रुचि दिखा रही है तो वहीं पुरुष होम थियेटर को पसंद कर रहे हैं। इस बार ग्राहक बड़े उत्पाद खरीद रहे है, जबकि कम दामों वाले उत्पादों की मांग कम है। धनतेरस को लेकर भी ग्राहक एडवांस बुकिंग भी करा रहे हैं। उम्मीद है कि इस बार धनतेरस व दीपावली पर बेहतर कारोबार होगा।
-विनोद गुप्ता, इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी
नया सामान खरीदना शुभ
इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद को खरीदने को ग्राहक पहुंच रहे हैं। अब दीपावली व धनतेरस नजदीक है, ऐसे में नया सामान खरीदना काफी शुभ माना गया है। उत्पाद को पसंद कर एडवांस बुकिंग की योजना है। धनतेरस व दीपावली को लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों पर 10 से 30 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। इससे सामान खरीदने पर ग्राहक को ही फायदा हो रहा है साथ ही कंपनियां उपहार भी दे रही हैं। - वरूण आहूजा, व्यापारी
महिलाएं जमकर कर रहीं खरीदारी
महिलाएं जहां वाॅशिंग मशीन को पसंद कर रही है तो वहीं फ्रिज को खरीदने में भी दिलचस्पी दिखा रही है। इस बार धनतेरस पर खरीदारी करने की भी तैयारी की जा रही है। धनतेरस के दिन सामान खरीदना काफी शुभ माना गया। - सुनील सम्राट व्यापारी
-
फाइनेंस की सुविधा से बढ़ी रौनक
फाइनेंस की सुविधा से बाजार में रौनक बढ़ी है। ग्राहक सहालग का पैकेज अभी बुक करवा रहे हैं। ऑफर्स में तीन साल की वारंटी चल रही है। इसके अलावा इंश्योरेंस तक दिया जा रहा है। कैशबैक का भी ऑफर है। नए मॉडल की वॉशिंग मशीन को वॉश टॉवर कहते हैं। इसमें एक साथ कपड़े धोने और सुखाने का प्रयोग कर सकते हैं। टीवी और फ्रीज की भी काफी मांग है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल बाजार में 20 फीसदी का उछाल है। - नवनीत गुप्ता सोंटू, व्यापारी
विनोद गुप्ता।
विनोद गुप्ता।
विनोद गुप्ता।