बदायूं। पनवड़िया मोहल्ले में नाला निर्माण के लिए मंगलवार को जेसीबी से खोदाई शुरू हुई। इस दौरान भूमिगत बिजली की लाइन कट गई। इससे पनवड़िया मोहल्ला, जोगीपुरा, छह सड़का, गांधी ग्राउंड, अंसारी मोहल्ले की बिजली ठप हो गई। लाइन कटने के बाद खोदाई भी बंद करा दी गई।
मानसून से पहले नगर पालिका की ओर से पनवड़िया मोहल्ला से गांधी ग्राउंड तक नाला के निर्माण शुरू होना है। मंगलवार को जेसीबी से मोहल्ले में खोदाई शुरू की तो भूमिगत बिजली की तार कट गई। नगर पंचायत के कर्मचारियों का कहना है कि दो फिट पर ही बिजली की तार पड़ी थी। इसे और नीचे होना चाहिए। विद्युत निगम के एसडीओ सुमित कुमार ने बताया कि नगर पालिका ने लाइन क्षतिग्रस्त कर दी थी। काम चलाने के लिए तारों को जोड़ा गया है। क्षतिग्रस्त हुई तार की मरम्मत में आने वाला खर्च नगर पालिका से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुबह कोर्ट की केबल में काम होने की वजह से सुबह पांच से आठ बजे तक आपूर्ति प्रभावित रही थी।