फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: झुलसाती गर्मी में बिजली ने तड़पाया, उझानी में हंगामा

विज्ञापन
सौरभ माथुर, नेकपुर गली नंबर तीन
विज्ञापन
बदायूं। मोहल्ला नेकपुर में रात 10 बजे बिजली लाइन में फॉल्ट आने से बिजली गुल हाे गई। चार घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। मोहल्ला जबाहरपुरी, दातागंज तिराहा, मधुवन कॉलोनी, नई सराय आदि मोहल्लों में भी चार घंटे बिजली ठप रही। दिन में ट्रिपिंग के बीच ही शाम 4.10 बजे अचानक नवादा विद्युत उपकेंद्र के 132 केवी के ट्रांसफार्मरों में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इससे शहर की 3.70 लाख आबादी प्रभावित हो गई। पांच घंटे तक शहर में अंधेरा छाया रहा। उधर, उझानी में बिजली कटौती के विरोध में जमकर प्रदर्शन हुआ। वहीं देहात क्षेत्र में पिछले 12 घंटे के भीतर अलग-अलग फीडरों पर फॉल्ट तथा ट्रिपिंग के चलते चार लाख लोग पसीना बहाते रहे। ओवरलोड के चलते एक फीडर को बंद कर दूसरे को आपूर्ति देने का काम किया गया। फिर भी हालात काबू में नहीं रहे।
विज्ञापन

न तो तापमान में गिरावट आ रही है और न ही गर्मी से राहत मिल पा रही है। ऐसे में बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के कर्मचारी रात-दिन एक किए हैं, लेकिन सिस्टम में सुधार नहीं आ पा रहा। अभियंता लगातार बेहतर बिजली देने का प्रयास तो कर रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही। इसका अंदाजा शहर से लेकर देहात तक बिजली को लेकर मची हाहाकार से लगाया जा सकता है। कहीं ओवरलोड से फॉल्ट होने से बिजली गुल रही तो शहर के ट्रांसफार्मरों में आग लगने से बिजली ठप हो गई।

शहर के एसडीओ अतुल कुमार का कहना है गर्मी से जब तक राहत नहीं मिलेगी तब तक ओवरलोड की समस्या खत्म नहीं होगी। बिजली गुल होने पर लोग परेशान न हों, इसके लिए कर्मचारियों को लगातार कार्य पर लगाया जा रहा है। उन पर नजर भी रखी जा रही है कि कहीं लापरवाही की वजह से जनता को परेशान न होना पड़े। एक-दो दिन में बिजली की व्यवस्था ठीक हो जाएगी। कहा, फॉल्ट होते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजकर उसे ठीक कराया जा रहा है।
विज्ञापन

उधर, शाम को नवादा विद्युत उपकेंद्र में लगे 132 केवी के ट्रांसफार्मर में आग लगने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई और पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारू कराई जा सके।




रात में चार घंटे बिजली आपूर्ति रही ठप
रात में 10 बजे अचानक बिजली चली गई। गर्मी लगी तो देखा कि घर के सभी सदस्य कमरे से निकलकर छत पर पहुंच गए हैं। एक घंटे तक इनवर्टर चला, उसके बाद वह भी बंद हो गया। तीन घंटे छत पर गुजारे। चार घंटे बिजली न आने से लोग परेशान रहे। बृहस्पतिवार को दिन भर बिजली आती-जाती रही। चार बजे के बाद बिजली अचानक गुल हो गई। -कृष्ण गोपाल शंखधार, नेकपुर गली नंबर तीन




बिजली आपूर्ति इस कदर परेशान कर रही है कि घर में बच्चे रुक नहीं पा रहे। रात चार घंटे राम-राम करके काटने पड़े। बिजली आपूर्ति सुचारू होने के बाद सुकून मिला। गर्मी ने जीना मुहाल कर दिया है। दिन में भी बिजली ट्रिपिंग करती रही, जिससे उपकरण भी ठीक से चार्ज नहीं हो पा रहे हैं।शाम चार के बाद बिजली पूरी तरह से ठप है। -सौरभ माथुर, नेकपुर गली नंबर तीन


दहगवां क्षेत्र: छह घंटे गुल रही बिजली, 15 हजार लोग रहे परेशान

दहगवां। नदायल फीडर पर बुधवार दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान 25 गांवों के 3500 उपभोक्ता और 15 हजार से अधिक लोग प्रभावित रहे। जर्जर लाइन को बदला जा रहा है। करीब चार से पांच दिन तक लोग इसी तरह परेशान रहेंगे। संवाद



हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट से 5 हजार आबादी प्रभावित
अलापुर। म्याऊं क्षेत्र के गांव चितौरा के पास रात करीब दो बजे हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट होने से चितौरा और सौंधामई गांव की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में 900 उपभोक्ताओं के घर में अंधेरा छा गया। 5 हजार आबादी ने पसीना बहाया। बृहस्पतिवार को करीब 11 बजे बिजली सप्लाई सुचारु हुई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद



दो दिन तक चार घंटे बाधित रहेगी कस्बे की बिजली

सैदपुर। नगर में लोग लो वोल्टेज की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। विद्युत संचालित उपकरण कूलर, पंखे और एसी ठीक ढंग से संचालित नहीं हो पा रहे। जेई रामस्वरूप ने बताया 33 केवीए की लाइन पर बिसौली में मरम्मत का काम होने वाला है, जिससे आज और कल दिन में चार घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। मौसम परिवर्तन होने पर ही लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। संवाद



बिजली कटौती से दो हजार जनता परेशान

ओरछी। क्षेत्र के गांव खेड़ादास में तीन दिन बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। इससे गांव के दो हजार की आबादी प्रभावित है। ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक होने से सप्ताह में दो-दो बार ट्रांसफार्मर फुंक रहा है। एसएसओ सतीश चन्द्र ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा शिकायत आएगी तो समस्या का समाधान कराया जाएगा। संवाद



ट्रिपिंग से चार घंटे परेशान रहे 25 हजार लोग
सहसवान। बुधवार शाम करीब 7:00 बजे से रात 11:00 बजे तक बिजली ने 25 हजार की आबादी को बेहाल कर दिया। यहां समस्या ओवरलोड की सामने आई। ट्रिपिंग से लोग हलकान रहे। 11 बजे के बाद बिजली ठीक हो सकी तब कहीं जाकर लोगोें ने राहत की सांस ली। ओवरलोड की वजह से लाइट ट्रिप करती रही। संवाद




रात भर बिजली गुल, 50 हजार की आबादी रही प्रभावित

इस्लामनगर। मोहल्ला सत्तार की पुलिया के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के ओवरलोड होने से रात आठ बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात भर बिजली न आने से लोग सड़कों पर घूमते नजर आए। वहीं मोहल्ला रामलीला रोड की बिजली रात भर ट्रिपिंग करती रही। ये हाल पूरे बारह घंटे तक चला। जेई संजीव कुमार का कहना है कुछ क्षेत्रों की आपूर्ति जंंपर जल जाने और तार टूटने व ओवरलोड की वजह से प्रभावित रही है। संवाद


फोटो-17
ट्रांसफॉर्मर गर्म न पड़ें इसके लिए लगाए कूलर
उझानी। बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता अमित प्रकाश ने बताया कि जहां ट्रांसफार्मर लगे हैं, वहां का तापमान काफी अधिक है। ट्रांसफॉर्मर को ठंडा रखने के लिए उनके आगे कूलर लगवा दिए गए हैं। इससे ट्रांसफार्मर गर्म नहीं पड़ेंगे। संवाद


जर्जर हैं बिजली लाइनें, गर्मी से टूटकर गिर रहे तार
ककराला। कस्बे वासियों ने चेयरमैन और ईओ पालिका को मांग पत्र सौंपा है। बताया है कि पचास साल पुरानी बिजली की लाइनें आए दिन टूटकर गिर जाती हैं, जिसके चलते बार-बार शटडाउन लिया जाता है। इससे कस्बे की बिजली बाधित हो जाती है। कई स्थानों पर लोड अधिक होने के चलते पर्याप्त वोल्टेज नहीं आ रहे। समस्याओं को लेकर कस्बे के एक शिष्टमंडल ने बृहस्पतिवार काे चेयरमैन इंतखाब सकलैनी और ईओ पालिका सुनील कुमार मिश्रा से मिलकर मांगपत्र सौंपा। उन्होंने समस्या के समाधान कराने का आश्वासन दिया है। संवाद

सौरभ माथुर, नेकपुर गली नंबर तीन

सौरभ माथुर, नेकपुर गली नंबर तीन

सौरभ माथुर, नेकपुर गली नंबर तीन

सौरभ माथुर, नेकपुर गली नंबर तीन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें