बदायूं। विद्युत निगम शहर में उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण के लिए आज से 19 जुलाई तक मेगा शिविरों का आयोजन करेगा। शिविरों में बिल संशोधन, मीटर की समस्या, नए कनेक्शन, बिल जमा करने के अलावा, भार वृद्धि समेत विद्युत संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। शिविरों का आयोजन सुबह दस से शाम पांच तक होगा।
अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2024-25 के डिफॉल्टर उपभोक्ता 31 जुलाई तक एकमुश्त बकाया जमा कर सकते हैं। जिसमें बकाया राशि के साथ एक हजार रुपये या मिलने वाली छूट का दस फीसदी जोड़ना होगा।
मेगा शिविरों में प्रत्येक शिकायत का पंजीकरण 1912 हेल्पलाइन नंबर पर किया जाएगा। शिविर मुख्यत: पनवड़िया व कोतवाली उपकेंद्र पर लगेंगे। इसके अलावा अन्य फीडर व उपकेंद्रों पर भी लगाए जाएंगे। जिसमें प्रथम खंड के एक्सईएन संजीव कुमार, एसडीएम सुमित कुमार साहू, अरविंद कुमार, शरद कुमार, जेई चंद्र मणि गौतम, सुशील कुमार, बिलिंग क्लर्क मनोज राणा आदि कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
ककराला। बिजली से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर पालिका मैरिज हॉल में 17 से 19 जुलाई तक तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस शिविर में छह काउंटर लगाए जाएंगे। इसमें लखनऊ के अधिकारियों की टीम भी पहुंचेगी। इसके अलावा एक्सईएन, एसडीओ, जेई भी मौजूद रहेंगे।