बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र के गांव सोरहा में पिछले 25 दिन से अंधेरा छाया हुआ था। वजह यह है कि गांव में लगा 250 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर चोर चुरा ले गए थे। ट्रांसफार्मर चोरी हो जाने के 25 दिन बाद बुधवार को यहां ट्रांसफार्मर लगाया गया, जिसके बाद लोगाें को राहत मिली।
गांव सोरहा को विद्युत आपूर्ति देने के लिए गांव के बाहर 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। दो हजार की आबादी वाले इस गांव को इसी ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति दी जाती थी। 25 दिन पूर्व चोरों ने ट्रांसफार्मर को खंभों से उतार लिया और साथ ले गए। इसके बाद से ही यहां पर ट्रांसफार्मर नहीं लग सका था। तब से गांव में बिजली नहीं आई थी।
गांव में बिजली न होने से बच्चे रात में पढ़ भी नहीं पा रहे थे। लोगों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो रहे थे। बुधवार को विद्युत निगम ने यहां पर ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल की। 25 दिन बाद गांव में बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। गांव की प्रधान निर्मला देवी ने बताया कि ट्रांसफार्मर रुदायन सब स्टेशन से लगवाया गया है।