बदायूं। भीषण गर्मी के बीच अगर पावर कट होता है तो उसके बारे में जानने के लिए अब उपभोक्ताओं को जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी। यह शिकायत भी नहीं रहेगी कि पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी कॉल रिसीव नहीं करते। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के निर्देश पर पावर कॉरपोरेशन ने जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए पांच मोबाइल नंबर जारी किए हैं। यह नंबर प्रदेश स्तर के कस्टमर केयर नंबर 1912 की तर्ज पर 24 घंटे काम करेंगे।
इन दिनों अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ऊपर चल रहा है तो बिजली की भी समस्या है। जिले में बिजली कटौती को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं की शिकायत रहती है कि कटौती का कारण जानने के लिए अगर अधिकारियों को कॉल की जाए तो वह रिसीव नहीं होती। शहर से लेकर देहात तक बिजली सप्लाई का शेड्यूल बिगड़ा हुआ है। दूसरी ओर अधिकारी शेड्यूल के अनुसार सप्लाई का दावा करते हैं। ऐसे में पावर कॉरपोरेशन ने 1912 कस्टमर केयर नंबर की तर्ज पर जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। शनिवार को जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी कर दिया गया।
जिला स्तर पर उपभोक्ता की किसी तरह की समस्या होने पर वे 9410410388 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं या फिर कटौती का कारण जान सकते हैं। इसके साथ ही चार अन्य मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं। यह मोबाइल नंबर भी कस्टमर केयर के तर्ज पर काम करेंगे।
-
कटौती, फाल्ट या ट्रांसफार्मर फुंकने पर यहां करें शिकायत
उपभोक्ताओं के लिए कंट्रोल रूम से काफी सहूलियत होगी वहीं दूसरी ओर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी बार-बार कॉल रिसीव करने के स्थान पर काम में ज्यादा समय दे पाएंगे। उपभोक्ताओं की शिकायत आसानी से दूर हो सकेगी। पावर कॉरपोरेशन ने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के पांच नंबर जारी किए हैं। किसी तरह की असुविधा या शिकायत होने पर उपभोक्ता जिला स्तर पर कंट्रोल रूम नंबर 9410410388 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8533010711, 8006178755, 8273740793 और 6378532926 भी जारी किए गए हैं। यह मोबाइल नंबर 24 घंटे काम करेंगे और उपभोक्ताओं की शिकायत का आसानी से निस्तारण हो सकेगा।
-
जिला स्तर पर कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए गए हैं। उपभोक्ताओं को किसी तरह की समस्या न हो और अगर कोई समस्या है तो उसका आसानी से निस्तारण हो सके, इसके लिए पांच मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं। यह मोबाइल नंबर 24 घंटे कस्टमर केयर की तर्ज पर काम करेंगे। कंट्रोल रूम के जरिये उपभोक्ताओं की पावर कॉरपोरेशन से संबंधी किसी भी शिकायत का त्वरित निस्तारण किया जा सकेगा।
-दीपक कुमार, अधीक्षण अभियंता, पावर कॉरपोरेशन