बदायूं। इस मौसम की पहली आंधी के बाद ही भीषण गर्मी के बीच लोग बिजली कटौती से त्राहि-त्राहि कर उठे। सोमवार रात करीब दो बजे आंधी आने से पहले पावर कॉरपोरेशन ने संभावित खतरे के मद्देनजर बिजली सप्लाई बंद की, इसके बाद मंगलवार शाम आठ बजे तक शहर समेत जिले के कई इलाकों में बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी। दरअसल, आंधी के कारण तमाम स्थानों पर एचटी लाइन और बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इसका व्यापक असर पूरे जिले में दिखा। मंगलवार को शहर समेत जिले के नगरीय इलाकों में पेयजल का संकट भी पैदा हो गया।
सोमवार रात इस मौसम की पहली आंधी आई। इसके साथ ही जिले में कई स्थानों पर जर्जर लाइनें और बिजली पोल धोखा दे गए। जिले में कई स्थानों पर 11 और 33 केवीए की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। पोल और खंभे गिर गए। बिजली उपकेंद्रों के साथ गली मोहल्लों में भी बिजली लाइनों को आंधी के कारण नुकसान पहुंचा। इस कारण शहर समेत पूरे जिले की बिजली सप्लाई ठप हो गई। हालांकि, आंधी खत्म होने के बाद रात में ही पावर कॉरपोरेशन की टीमें सप्लाई बहाल करने में जुट गईं, लेकिन मंगलवार दोपहर एक बजे तक इसमें कामयाबी नहीं मिली। नवादा टाउन और नवादा देहात फीडर पर सुबह साढ़े दस बजे एक बार कुछ मिनट के लिए बिजली सप्लाई चालू हुई, लेकिन इसके बाद फिर से ठप हो गई। शहर के ज्यादातर इलाकों में दोपहर तीन बजे तक यही समस्या बनी रही।
तीन बजे के बाद नवादा टाउन से जुड़े कुछ इलाकों में बिजली सप्लाई चालू हो गई, लेकिन यह वह इलाके रहे जहां अंडरग्राउंड केबल से सप्लाई मिल रही है। ओवरहेड लाइन से जुड़े इलाकों में रात करीब आठ बजे तक सप्लाई चालू नहीं हो सकी। लगातार 18 घंटे बिजली सप्लाई ठप रहने के कारण पानी की समस्या भी पैदा हो गई। भीषण गर्मी में लोग नहाने- कपड़े धोने के लिए भी परेशान रहे।
-
आम की फसल को भारी नुकसान
आंधी के कारण आम की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। सोमवार तक जो कच्चा काम 50 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था वह आंधी के बाद मंगलवार को 40 रुपये गिर कर दस रुपये किलो तक आ गया। मंगलवार को दिन भर गली मोहल्लों में ठेलों पर आम बिकते रहे। शहवाजपुर के पोशाकी लाल मौर्य का कहना है कि उनके एक पेड़ के ही 80 किलो से ज्यादा आम बारिश में टूटकर गिर गया। इसको औने-पौने दामों में बेचना पड़ा।
-
जिम्मेदार अधिकारियों ने रिसीव नहीं की कॉल
शहर के पटियाली सराय निवासी शुभम अग्रवाल, ब्राह्मपुर के अंकित साहू, शहवाजपुर के विजय मिश्रा का कहना है कि लगातार बिजली सप्लाई ठप होने और दोपहर बाद शहर के कई इलाकों में सप्लाई बहाल हो जाने के बाद अपने इलाकों में सप्लाई ठप रहने का कारण जानने के लिए उन्होंने एक्सईएन प्रथम खंड प्रवेश कुमार, एसडीओ पनबड़िया नीरज गोवाडी, एसडीओ कोतवाली यश भारद्वाज को कई बार मोबाइल पर कॉल की, लेकिन किसी भी अधिकारी ने इसे रिसीव करना उचित नहीं समझा।
-
बिसौली : लगातार छह घंटे की कटौती से लोग परेशान
बिसौली। नगर समेत आस-पास के इलाके में भीषण गर्मी के बीच लगातार छह घंटे की कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच हालात इतने बदतर हैं कि बमुश्किल चार से पांच घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बिजली आने और जाने का कोई शेड्यूल न होने के कारण भी समस्या है। इससे नगर पालिका की पेयजल सप्लाई भी प्रभावित होती है। संवाद
-
आंधी में लाइन टूटकर गिरने से 10 बीघा गेहूं राख
आसफपुर। फैजगंज बेहटा के गांव पहाड़पुर में हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से गेहूं की दस बीघा फसल राख हो गई। खेत स्वामी शांति के अनुसार उन्होंने सोमवार को कटाई करने के बाद निकासी के लिए गेहूं इकट्ठा किया था। खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मंगलवार तड़के बिजली लाइन टूटकर खेत में गिर गई। इससे गेहूं की दस बीघा फसल नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। गांव प्रधान किशनवीर ने बताया कि अग्निकांड की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई है। संवाद
-
सोमवार आधी रात के बाद आई आंधी के कारण कई स्थानों पर एचटी लाइन और बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस कारण सप्लाई में व्यवधान पैदा हुआ है। सभी स्थानों पर लाइनों को दुरुस्त कर सप्लाई चालू कराई जा रही है। -प्रवेश कुमार, एक्सईएन प्रथम खंड