बदायूं। शहर के कई इलाकों को शनिवार रात और रविवार दिन में बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण कई स्थानों पर फाल्ट के कारण ऐसा हुआ। करौलिया के पास लाइन में फाल्ट होने के कारण शनिवार रात बिजली ठप हो गई। बूंदाबांदी रुकने के बाद सप्लाई चालू हो सकी, लेकिन बाद में नवादा के पास प्रथम और द्वितीय फीडर में फाल्ट हो गया। इसके बाद फिर से सप्लाई ठप हो गई। रविवार दोपहर बाद सप्लाई चालू हो सकी।
शुक्रवार से हो रही बूंदाबांदी के बाद से ही शहर समेत जिले में विभिन्न स्थानों पर लाइनों में फाल्ट के कारण बिजली सप्लाई में समस्या पैदा होने लगी थी। रविवार सुबह नवादा के पास प्रथम और द्वितीय फीडर में तकनीकी खराबी के कारण एक बार फिर बिजली ठप हो गई। रात भर सप्लाई ठप रहने और कुछ देर के लिए चालू होने के बाद फिर से ठप होने के कारण कई इलाकों में पेयजल सप्लाई पर भी असर पड़ा। शहर के शहवाजपुर, लोची नगला, कल्याण नगर, नई सराय, पटियाली सराय, टिकट गंज, नई बस्ती आदि इलाकों में लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
इन इलाकों में रविवार दोपहर दो बजे के बाद बिजली चालू हो सकी, लेकिन इसके बाद भी लगातार ट्रिपिंग होती रही। शाम को जाकर बिजली सप्लाई शुचारू हो सकी। पनबड़िया, कोतवाली और मीराजी चौकी उपकेंद्र से जुड़े इलाकों को भी बारिश के कारण फाल्ट होने से बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
-
बारिश के कारण कुछ इलाकों में फाल्ट के कारण बिजली सप्लाई प्रभावित हुई थी। रात में लगातार बूंदाबांदी होने के कारण कुछ स्थानों पर सप्लाई सुचारू करने में देरी हुई। रविवार दोपहर तक सभी इलाकों में सप्लाई पूरी तरह से दुरुस्त हो गई।
- प्रवेश कुमार, एक्सईएन विद्युत वितरण खंड प्रथम
------
तीसरे दिन भी ब्रेकडाउन, 16 घंटे ठप रही बिल्सी की बिजली आपूर्ति
बिल्सी। शनिवार को हुई तेज बरसात में एक बार फिर उझानी-बिल्सी के मध्य मुख्य लाइन में ब्रेक डाउन हो गया। इस कारण नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब 16 घंटे तक ठप रही। इससे नगरवासियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
शनिवार रात करीब 12 बजे उझानी से आ रही 33 केवीए लाइन तेज बरसात में अचानक ब्रेक डाउन में चली गई। रविवार की शाम करीब चार बजे लाइन का फाल्ट को दूर कर सप्लाई को सुचारू किया गया। इस दौरान लोगों को कई दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। नगर के लोगों का कहना है कि उझानी बिल्सी के मध्य आए दिन मुख्य लाइन में फाल्ट होते रहते हैं। इससे नगर क्षेत्र की बिजली कई-कई घंटे तक बाधित रहती है।
पांच दिनों से मुख्य लाइन में चार बार फाल्ट हो चुके हैं। इधर जेई दिनेश कुमार ने बताया कि मुख्य लाइन का फाल्ट दूर कर आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। संवाद