बदायूं। चुनाव आयोग की तरफ से इस बार 1950 नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति चुनाव से संबंधित कोई शिकायत कर सकता है। अब तक इस नंबर पर साढ़े तीन सौ से अधिक शिकायतें आ चुकी हैं। अधिकतर शिकायतें वोट न बनने और कटवाने से संबंधित हैं। वहीं कुछ शिकायतें प्रधानमंत्री सम्मान निधि की किस्त न आने संबंधी भी हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की शिकायत व सुझाव को लेकर कॉल सेंटर बनाया है। इसके लिए आयोग ने 1950 नंबर जारी किया है। लेकिन यह नंबर तब लगेगा, जब संबंधित जिले का एसटीडी कोड पहले लगाएंगे। ऐसे में बदायूं जिले में 05832-1950 नंबर पर विधानसभा चुनाव से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत और सुझाव कॉल करके दे सकते हैं। जिला स्तरीय अधिकारी इस नंबर पर आने वाली सभी शिकायतों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके अलावा इसका समाधान भी किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार अब तक करीब पौन चार सौ शिकायतें आ चुकी हैं। अधिकांश शिकायतें नए वोट बनवाने और कटवाने के संबंध में आ रही हैं, जबकि कुछ शिकायतें चुनाव से अलग आ रही है। कुछ लोग तो इस नंबर पर प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की किस्त के बारे में जानकारी ले रहे हैं तो कुछ अन्य समस्याओं का समाधान पूछ रहे हैं। हालांकि मौजूदा कर्मचारी उन्हें चुनाव के बारे में जानकारी को साझा कर रहे हैं। संवाद