मृतक किशन लाल का फाइल फोटो। स्त्रोत परिवार
बिल्सी। कछला-शाहाबाद हाईवे पर स्थित गांव ज्योरा के पास 24 नवंबर की रात हुए सड़क हादसे में घायल वृद्ध ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार की शाम मेडिकल कॉलेज में हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
गांव सिद्धपुर चित्रसेन निवासी किशन लाल (56) पुत्र बीधेराम अपने साले वीरपाल सिंह निवासी रमनगला की बेटी का रिश्ता करने के लिए कासगंज जनपद के मुरली नगला गांव कार से गए थे। लौटते समय उनकी कार ज्योरा गांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में किशन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें पहले निजी चिकित्सकों के यहां भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां सोमवार की शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार को उनका कछला घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। संवाद