बदायूं के गुरियारी गांव में सोमवार देर रात रेलवे ट्रैक पर 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। मृतक की पहचान राधेश्याम शर्मा के रूप में हुई है। उनके बेटे रवि ने जमीन विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है।
बदायूं जिले के गुरियारी गांव में सोमवार देर रात रेलवे ट्रैक पर 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान राधेश्याम शर्मा के रूप में हुई है। उनके बेटे ने जमीन विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मृतक के बेटे रवि ने बताया कि राधेश्याम शर्मा सोमवार दोपहर खाना खाने के बाद घूमने निकले थे। शाम करीब चार बजे रवि ने अपने पिता को बिसौली की ओर साइकिल से जाते देखा था। रात में उन्हें एक फोन आया कि रेलवे ट्रैक पर एक शव मिला है जिसकी पहचान नहीं हो पा रही है। मौके पर पहुंचने पर रवि ने क्षत-विक्षत शव की पहचान अपने पिता के रूप में की। शव के पास मिली बेल्ट, आधार कार्ड और पैन कार्ड से पहचान सुनिश्चित हुई।
जमीन विवाद में हत्या का शक
रवि ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार का 28 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि जिन लोगों से यह विवाद था, उन्हीं ने उनके पिता की हत्या की है। पुलिस ने बेटे के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अब इस जमीन विवाद के पहलू से भी जांच कर रही है।