बदायूं के दातागंज से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने आरोप लगाया कि बड़े भाई ने उसकी पत्नी को अपने वश में कर लिया। दोनों के बीच अवैध संबंध है। विरोध पर दोनों ने उसकी पिटाई की।
बदायूं के दातागंज में एक युवक ने अपने बड़े भाई पर उसकी पत्नी को वश में करने का आरोप लगाया है। उसने इसका विरोध किया तो बांधकर पीटा गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत दातागंज सीओ और एसडीएम से की। इससे पहले वह मुख्यमंत्री से शिकायत करने लखनऊ गया था। मुख्यमंत्री के न मिलने पर वह लौट आया। उसकी समस्या सुनकर अफसरों ने मदद करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
उसहैत थानाक्षेत्र के गंगा की कटरी के एक गांव निवासी व्यक्ति ने सीओ और एसडीएम से रोते हुए बताया कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध उसके बड़े भाई से हैं। उसने पत्नी को हथिया लिया है। एतराज करने पर उसे घर में जंजीरों से बांधकर रखा और पेड़ से भी बांधा और पीटा। उसहैत पुलिस से शिकायत की तो उल्टा उसे ही पुलिस ने डराया-धमकाया।
पैदल लखनऊ गया था पीड़ित
आईजीआरएस पर शिकायत की तो पुलिस ने थाना बुलाकर जबरदस्ती उसका मोबाइल फोन लेकर शिकायत का निस्तारण कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि पैसा न होने की वजह से वह 12 दिन पैदल चलकर लखनऊ मुख्यमंत्री के जनता दरबार में गुहार लगाने गया।
वहां मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी। वहां मौजूद एक अधिकारी ने उसकी बात सुनी और उसे थाना उसहैत भेज दिया, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे फिर किसी तरह की शिकायत न करने की बात कही। मायूस होकर वह एसडीएम और सीओ के पास पहुंचा। उसने अफसरों से न्याय की गुहार लगाई है।