आवास के लिए परेशान पुलिस कर्मियों के लिए अच्छी खबर है। जिले के सात थानों में पुलिस कर्मियों के लिए 46 नए आवास बनेंगे। पुराने बने आवासों की भी मरम्मत होगी। नए बनने वाले आवासों में सिपाहियों के साथ सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर के आवास भी शामिल हैं। इसके लिए शासन से बजट मिल गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम जल्द काम शुरू करा देगा। थानों में आवास बनाने के लिए जगह का चयन शुरू हो गया है।
जिले के 21 थानों में कई ऐसे थाने हैं जहां पुलिस कर्मियों के लिए आवासों की किल्लत है। सिविल लाइंस और इस्लामनगर थानों में इंस्पेक्टर आवास तक नहीं हैं। शासन ने जिले के आठ थानों में 46 आवासों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इनमें टाइप वन, टू और थ्री के आवास शामिल हैं। सबसे ज्यादा 18-18 आवास जरीफनगर और मुजरिया थानों में बनेंगे। सिविल लाइंस, इस्लामनगर थाने में इंस्पेक्टर आवास का निर्माण कराया जाएगा। सदर और उझानी कोतवाली के साथ बिनावर और कादरचौक थानों में सब इंस्पेक्टर के लिए दो-दो टाइप थ्री लेबल के आवास बनेंगे। शासन ने आवासों के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी है। धनराशि पुलिस आवास निगम की बरेली शाखा को मिल चुकी है। उम्मीद है कि जिले में जद आवासों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
कहां कितने आवास
थाना आवास किसके लिए
मुजरिया 18 सिपाही
जरीफनगर 18 सिपाही
कोतवाली उझानी 02 सब इंस्पेक्टर
कोतवाली सदर 02 सब इंस्पेक्टर
बिनावर 02 सब इंस्पेक्टर
कादरचौक 02 सब इंस्पेक्टर
सिविल लाइंस 01 इंस्पेक्टर
इस्लामनगर 01 इंस्पेक्टर