बदायूं। बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान जहां छात्रों को परीक्षा देने के लिए दूसरे केंद्रों पर जाना होता है, वहीं छात्राओें के लिए बोर्ड ने ये सहूलियत दी है कि वे जिस विद्यालय में पढ़ती हैं, उसी विद्यालय में ही बोर्ड की परीक्षाएं देंगी, लेकिन इन विद्यालयों में परीक्षा के दौरान ड्यूटी देने वाले 50 प्रतिशत शिक्षक दूसरे विद्यालयों के होंगे, साथ ही केंद्र व्यवस्थापक भी अन्य किसी कॉलेज के होंगे, ताकि कॉलेज में परीक्षा के दौरान नकल न हो।
हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के उद्देश्य से लगातार काम किए जा रहे हैं। बोर्ड द्वारा छात्रों की अपेक्षा छात्राओं को विशेष सहूलियतें दी जाती है। ऐसे में छात्राएं जिन विद्यालयों में पढ़ती हैं, उन्हें उसी (स्वकेंद्र) विद्यालयों में परीक्षा देने की अनुमति दी गई है, लेकिन परीक्षा को नकलविहीन कराने के उद्देश्य से छात्राओं के स्वकेंद्र पर 50 प्रतिशत अन्य विद्यालयों के शिक्षक को तैनात करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार जिले में इस वर्ष 88 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 80 केंद्र स्वकेंद्र है। इनमें हाईस्कूल की 12542 छात्राएं और इंटर की 9404 छात्राएं पंजीकृत है। इन सभी केंद्रों पर शिक्षकों के अलावा केंद्र व्यवस्थापक भी अन्य विद्यालयों के होंगे।
ये नहीं बने हैं स्वकेंद्र
-राजकीय इंटर कॉलेज, विज्ञानानंद रामनारायण वैदिक इंटर कॉलेज, नवयुवक इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, कुंवर रुकुम सिंह वैदिक इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, केएम इंटर कॉलेज इस्लामगंज और बिल्सी का एमएल इंटर कॉलेज स्वकेंद्र नहीं बनाए गए हैं
स्वकेंद्रों पर 50 प्रतिशत अन्य विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसलिए ऐसे में शिक्षकों की सूची सभी विद्यालयों से मांगी गई है। उसी के अनुरूप ड्यूटी लगाई जाएगी।
राममूरत, डीआईओएस