बदायूं। सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम कुमार प्रशान्त ने जिला विद्यालय निरीक्षक राम मूरत के साथ यूपी बोर्ड द्वारा वर्ष 2019-20 में होने वाली हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाओं के संबंध में बैठक की। डीएम ने प्राप्त आपत्तियों के सत्यापन के बाद 88 परीक्षा केंद्रों का चयन किया, साथ ही उनमें परीक्षा कराने की अनुमति दी।
डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा को नकलविहीन व पारदर्शी बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में निर्धारित मानकों अनुसार सीसीटीवी कैमरे के साथ डीवीआर व राउटर अवश्य लगा हुआ हो। डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों की तलाशी गेट पर ही की जाएगी। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी सिर्फ महिला ही लेगी। परीक्षा भवन में मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। प्रश्न पत्र की सील खोलते समय वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए। उसी प्रश्न पत्र का पैकेट खोला जाए, जिस विषय की उस समय परीक्षा हो। ध्यान रखें कि कोई अध्यापक भी मोबाइल से प्रश्न पत्र की फोटो न खींचने पाए। परीक्षा पूर्ण होने पर समय से ही परीक्षार्थी बाहर निकल सकेंगे। परीक्षा के दौरान बार-बार शौचालय जाने वाले परीक्षार्थियों पर खास निगाह रखी जाए। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि के आसपास के लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाए।