बदायूं। नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज में एडमिशन के लिए अभी तक सीटों की अपेक्षा काफी कम संख्या में ही छात्र-छात्राएं एडमिशन लेने के लिए पहुंचे हैं, जबकि कॉलेज की ओर से पांच जुलाई एडमिशन की अंतिम तिथि रखी गई है। अगर पहली लिस्ट में सीट फुल नहीं हुई तो दूसरी लिस्ट चस्पा की जाएगी, ताकि खाली पड़ी सीटों को भरा जा सके।
नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास डिग्री कॉलेज में एडमिशन लेने के लिए पहली लिस्ट 29 जून को जारी कर दी गई थी। पहली लिस्ट में जिन छात्र-छात्राओं के नाम शमिल है, उनको पांच जुलाई तक एडमिशन लेना है। अगर इस बीच में ये छात्र-छात्राएं एडमिशन लेने के लिए नहीं पहुंचते हैं, तो दूसरी लिस्ट जारी की जाएगी, जिसके माध्यम से खाली बची सीटों को भरा जाएगा। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक बीए में 400 सीट है, जिन पर अभी तक लगभग 200 छात्र-छात्राएं एडमिशन लेने के लिए कॉलेज पहुंचे हैं। बीएससी मैथ में 160 सीट के सापेक्ष 50, बीएससी बायो में 180 सीटों के सापेक्ष 48 और बीकॉम में 160 सीटों पर 75 छात्र-छात्राओं ने एडमिशन की प्रक्रिया में भाग लिया है। कॉलेज प्रशासन की मानें तो अंतिम दिनों में छात्र-छात्राओं की भीड़ अधिक रहती है। ऐसे में दूसरी लिस्ट के लिए कम ही सीट कॉलेज में बचेंगी। मौजूूदा हालात को देखते हुए कॉलेज प्रशासन दूसरी लिस्ट जारी करने की तैयारी कर रहा है।