बदायूं। गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (सिटी) व्रिजयेंद्र द्विवेदी ने छात्राओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में बताया।
एएसपी (सिटी) ने कहा कि वर्तमान में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी।
कहा, किसी भी अनजाने नंबर से आने वाली वीडियो कॉल को न उठाएं। साथ ही बताया कि बिना जान पहचान के नंबर से व्हाट्सअप पर आने वाले शादी निमंत्रण की फाइल न खोलें। यह साइबर अपराधी की चाल भी हो सकती है, जो आपका बैंक खाता भी खाली कर सकती है।
उन्होंने 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, डायल 112, पॉक्सो एक्ट तथा अच्छे-बुरे स्पर्श के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि इन कानूनों और हेल्पलाइनों का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा प्रदान करना है। किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक इन नंबरों पर संपर्क करना चाहिए।
एएसपी (सिटी) ने कहा कि समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है। जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार पुलिस देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती है। पुलिस का प्रयास रहता है कि अपराध न हो। यदि कोई अपराध होता है तो अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उन्हें सजा दिलाई जाए।
उन्होंने जनसुनवाई को पुलिस की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि इससे पुलिस और जनता के बीच संवाद बना रहता है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने संतोषजनक उत्तर दिया। इस मौके पर गिंदो देवी महिला महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सरला चक्रवर्ती, प्रो. उमा गौर, प्रो. डॉ. इंदु शर्मा, अवनीशा वर्मा, प्रीति वर्मा आदि मौजूद रहीं।