कादरचौक (बदायूं)। उझानी रोड पर शनिवार शाम करीब सात बजे तेज रफ्तार पिकअप और इको वैन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। सिलिंडर फटने से इको में आग लग गई। इससे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव गौंतरा निवासी उमेंद्र पाल यादव (30) पुत्र रामपाल यादव शनिवार शाम करीब सात बजे बुकिंग छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पिकअप चालक गाड़ी पर सब्जी लादकर कादरचौक से उझानी मंडी की तरफ जा रहा था। उझानी रोड पर पेट्रोल पंप के समीप पिकअप और इको की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई।
हादसे में पिकअप सड़क किनारे खंती में पलट गई, जबकि इको वैन के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान उसमें लगा सीएनजी गैस का सिलिंडर फट गया। इससे वैन में भीषण आग लग गई। हादसे में घायल हुए वैन चालक को आग की लपटों में घिरने के बाद खुद को बचाने का मौका नहीं मिल सका। वह वैन में अंदर ही फंसकर जिंदा जल गया।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक अवधेश कुमार व कांस्टेबल सहदेव मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग की लपटों में घिरे वैन चालक को बचाने की कोशिश की। दोनों पुलिस कर्मी आग की लपटों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया। पुलिस ने चालक का जला हुआ कंकाल वैन से बाहर निकाला। गाड़ी नंबर के आधार पर चालक की पहचान की गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर जले हुए कंकाल को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं पिकअप चालक भाग गया।
स्टेयरिंग में फंसने से चालक को नहीं मिला बचने का मौका
- हादसे के वक्त वैन में बैठी थीं चार सवारियां, कूदकर बचाई जान
- कादरचौक-उझानी मार्ग पर दो घंटे तक मची रही अफरा-तफरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कादरचौक-उझानी मार्ग पर शनिवार रात हुए वीभत्स हादसे को देख राहगीरों की रुह कांप गई। दोनों वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद चालक वैन के स्टेयरिंग में ही फंसकर रह गया। वैन में सवार चार अन्य सवारियां कूदकर भाग निकलीं। इस दौरान करीब दो घंटे तक कादरचौक-उझानी मार्ग पर अफरा-तफरी मची रही।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आग को बुझाना शुरू कर दिया। इसी बीच वैन के पीछे की डिगी में लगा सीएनजी का सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। आग की चपेट में दरोगा एवं सिपाही आकर झुलस गए। आग का गोला बनते ही वैन में से चालक को निकालने की कोई हिम्मत नहीं जुटा सका। इससे चालक ने आग की लपटों से घिरी वैन के स्टेयरिंग में फंसकर तड़प तड़पकर अपनी जान गवां दी।
एक घंटे तक आग का गोला बनी रही वैन
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद वैन में आग नहीं लगी थी। राहगीरों की सूचना पर थाने से हल्का इंचार्ज अवधेश यादव और कांस्टेबल सहदेव मौके पर पहुंचे थे। उस दौरान वैन में चार सवारी घायलावस्था में मौजूद थी। भीषण आग ने वैन को पूरी तरह आगोश में ले लिया। दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन फाटक बंद मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी भी समय रहते मौके पर नहीं पहुंच सकी। इससे वैन करीब एक घंटे तक जलती रही।
गाड़ी नंबर से पता चला चालक का नाम पता
आग में जलने के कारण चालक की पहचान हो पाना पुलिस को मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने गाड़ी नंबर को ट्रेस किया तो चालक का नाम उमेंद्र पाल यादव पता चल सका। पुलिस ने परिवार से संपंर्क किया। परिजनों ने बताया कि उमेंद्र पाल यादव ही कार के मालिक थे। वह ही वैन को चलाते थे। वह बुकिंग पर उझानी गए थे। वहां से वापस लौट रहे थे। कादरचौक एसओ ने बताया कि पिकअप गाड़ी नंबर एटा जिले की है। गाड़ी के चालक की तलाश की जा रही है।
कादरचौक-उझानी रोड पर आग का गोला बनी पिकअप और ईको कार। संवाद
कादरचौक-उझानी रोड पर आग का गोला बनी पिकअप और ईको कार। संवाद
कादरचौक-उझानी रोड पर आग का गोला बनी पिकअप और ईको कार। संवाद