बाजार में ई-रिक्शा घुसने से लगा जाम, फंसे लोग व अन्य वाहन। संवाद
- फोटो : संवाद
बदायूं। शहर में करीब पांच हजार से अधिक ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। लाख कोशिशों के बाद भी बाजार में जाने से ई-रिक्शा पर रोक नहीं लग पा रही है। दूसरी ओर नगर पालिका बाजार में हो रहे अतिक्रमण को भी नहीं हटवा पा रही है। ऐसे में दुकानदार व ग्राहक दोनों ही परेशान हो रहे हैं।
शहर के बड़े बाजार से लेकर अन्य मार्केट तक अब दिन भर ई-रिक्शा पहुंच रहे हैं जिससे बाजार में जाम लग रहा है। इसके लिए यातायात पुलिस ने कई बार प्लान बनाया, यहां तक कि बाजार में पुलिस बैरियर तक लगा दिए गए, जिससे बाजार में ई-रिक्शा, टेंपो व चार पहिया वाहन नहीं घुस सकें। दो दिन के बाद ही प्लान को पलीता लग लगा। जाम से व्यापारी व ग्राहक परेशान हो रहे हैं। शनिवार को दिन भर शास्त्री चौक, सराफा बाजार, बड़ा बाजार आदि स्थानों पर जाम लगा रहा।
बाजार में पुलिस लाइन में तैनात पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाई जाती है, जो दिनभर गायब रहते हैं। अगर आते भी हैं तो किसी न किसी दुकान में कुर्सी डालकर बैठे रहते हैं, जबकि आदेश है कि जबरन घुसने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा। यही वजह है कि ई-रिक्शा चालकों के हौसले बुलंद हैं और बाजार तक सवारियों काे पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
बाजार में जाम न लगे इसके लिए पुलिस ड्यूटी भी लग रही है। इसके बाद भी अगर ई-रिक्शा बाजार तक पहुंच रहे हैं तो बहुत ही खराब स्थिति है। इसको चैक कराके कार्रवाई कराई जाएगी। बाजार में किसी कीमत पर जाम नहीं लगने दिया जाएगा। -आरएल राजपूत, प्रभारी यातायात निरीक्षक