इस्लामनगर रोड किनारे खाई में पलटा मिला ई-रिक्शा। संवाद
- चार फरवरी से ई-रिक्शा समेत लापता है युवक
- तलाश कर रहे हैं परिवार वाले और थाना पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मुजरिया इलाके से लापता युवक का ई-रिक्शा शनिवार सुबह इस्लामनगर मार्ग किनारे खाई में पड़ा मिला। थाना पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है लेकिन अब तक युवक का कुछ पता नहीं चला है। थाना पुलिस लगातार युवक की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव सगराय निवासी सत्यवीर उर्फ बंटू पुत्र कुंवरपाल ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता है। वह चार फरवरी को ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था। वह सवारियां लेकर मुजरिया चौराहे तक गया लेकिन उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। परिवार वालों की सूचना पर थाना पुलिस ने मुजरिया चौराहे से लेकर सहसवान तक सीसीटीवी कैमरे चेक कराए थे।
बताया जा रहा था कि युवक एक सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति को बैठाकर सहसवान की ओर जाता दिखाई दिया था। वह व्यक्ति कौन था, युवक कहां गया, इस बारे में अधिक जानकारी पुलिस को नहीं मिल पाई।
शनिवार सुबह युवक का ई-रिक्शा इस्लामनगर मार्ग किनारे खाई में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा कब्जे में ले लिया। परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। परिवार वालों को आशंका है कि युवक के साथ कोई अनहोनी हुई है। इंस्पेक्टर रेनू सिंह ने बताया कि युवक का ई-रिक्शा मिल गया है। युवक की तलाश कराई जा रही है।