जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाक के दौरान भर्ती आत्मदाह की कोशिश करने वाला छविराम। संवाद
- फोटो : kathua news
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी ई-रिक्शा चालक ने नशे की हालत में शुक्रवार रात नौ बजे पड़ोसी की मारपीट से आहत होकर एसएसपी आवास के सामने सरसों का तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। वहां मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते हुए उसे पकड़ लिया। इससे कपड़ों में आग नहीं लग सकी। पुलिस ने उसका जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। देर रात ही सिविल लाइंस पुलिस ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नई बस्ती निवासी छविराम उर्फ श्यामचरण (45) ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। छविराम के मुताबिक दो दिन पहले उसका पड़ोस के रहने वाले लोगों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद पड़ोस के लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इससे वह चोटिल हो गया। वह आरोपियों की शिकायत करने थाने पहुंचा। यहां पुलिस ने उसकी तहरीर पर कार्रवाई नहीं की।
आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई न होने से पड़ोसियों के हौसले बुलंद हो गए, फिर से मारने पीटने की धमकी देने लगे। इससे वह दहशत में आ गया। पुलिस कार्रवाई से आहत होकर शुक्रवार रात एसएसपी आवास के बाहर पहुंचा। जहां उसने खुद के ऊपर सरसों का तेल डाल लिया। वह जेब में रखी माचिस निकालकर आग लगाने जा रहा था। इसी बीच एसएसपी आवास के बाहर तैनात पुलिस कर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। पुलिस ने उसे समय रहते दबोच लिया।
पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर आई। यहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल परीक्षण में डॉक्टर ने बताया कि ई-रिक्शा चालक ने खुद के ऊपर सरसों का तेल डाला था। वह नशे की हालत में था। वहीं, सिविल लाइंस पुलिस ने एसआई भूपेंद्र की तहरीर पर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ आत्मघाती कदम उठाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा चालक ने नशे में एसएसपी आवास के सामने सरसों का तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश की थी। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, पड़ोसियों से हुए विवाद में थाने में कोई शिकायत नहीं की थी।
-
नशे की हालत में खटखटा दिया था पड़ोसी का दरवाजा
पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया है कि छविराम शराब का आदि है। 27 मार्च की रात उसने नशे की हालत में पड़ोस के रहने वाले एक व्यक्ति के घर का दरवाजा खटखटा दिया था। इस वजह से छविराम और उसके पड़ोसियों का विवाद हो गया था।