बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सगराय निवासी रामकुमार (65) ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण किया करते थे। बृहस्पतिवार दोपहर वह मुजरिया थाने के सामने चौराहे पर ई-रिक्शा खड़ा कर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गांव जाने के लिए दो छात्र ई-रिक्शा में बैठ गए। तभी कछला की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से ई-रिक्शा चालक और उसमें बैठे दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने ई-रिक्शा चालक की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन ई-रिक्शा चालक को बरेली ले गए। जहां इलाज के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद परिजन शव लेकर बदायूं आ गए। इधर, सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान घायल ई-रिक्शा चालक की मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम कराया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं प्राप्त नहीं हुई है। कार के साथ आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है।