नदी किनारे जांच करती सहसवान कोतवाली पुलिस। संवाद
- फोटो : सड़क मार्ग कटा होने से बहते पानी के बीच से निकलता परिवार।
सहसवान। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम भुजरिया विसर्जन के दौरान एक युवक महावा नदी में गिर गया। पुलिस ने लोगों की मदद से युवक को नदी से निकलवाकर सीएचसी पहुंचवाया। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना सहसवान कोतवाली क्षेत्र के महावा नदी के हरदतपुर घाट की है। नगर के मोहल्ला अकबराबाद निवासी रिंकू ठाकुर (38) पुत्र प्रेमपाल सिंह शनिवार शाम पांच बजे भुजरिया विसर्जन करने हरदतपुर घाट पर गए थे। वह पुल से भुजरिया नदी में गिरा रहे थे। इसी बीच उनके पैर का संतुलन बिगड़ा, जिससे नदी में गिर गए। वहां मौजूद पुलिस ने लोगों की मदद से युवक को बाहर निकालवाया। आनन फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। रक्षाबंधन पर्व पर हुई युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि युवक के परिवार में विधवा मां के अलावा एक बहन है। बहन की शादी हो चुकी है। मां बेटे मेहनत मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करते थे।
-
गंगा में कूदे युवक को गोताखोरों ने बचाया
उझानी। अलापुर कस्बा निवासी करन सिंह (25) पुत्र महेंद्रपाल शनिवार दोपहर कछला पुल पर पहुंचा। यहां उसने शराब के नशे में गंगा में छलांग लगा दी। उसके गंगा में कूदते ही वहां मौजूद गोताखोर उसे बचाने के प्रयास में जुट गए। गोताखोरों ने कुछ ही देर में युवक को सकुशल गंगा से बाहर निकाल लिया। इसके बाद कछला चौकी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ की। उसने नशे की हालत में कुछ नहीं बताया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाया। पुलिस ने परिजनों को हिदायत देकर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया है। संवाद