एनईआर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के डीआरएम ने बुधवार को रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। ट्रेन से करीब पौने 12 बजे पहुंचे डीआरएम ने रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण से लेकर वहां पर अन्य सभी व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही रेलवे कॉलोनियों का निरीक्षण भी किया, जहां गंदगी देखकर उनका पारा चढ़ गया और उन्होंने पूछा कि यह गंदगी कौन साफ करेगा?
डीआरएम चंद्रमोहन जिंदल ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग रूम, शौचालय पुस्तकालय और रिजर्वेशन काउंटर का निरीक्षण किया। साथ ही इन स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। डीआरएम ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा की जानकारी भी ली। डीआरएम रेलवे कालोनी देखने के लिए पहुंचे, तो वहां पर नाली के चोक होने की वजह से पानी भरा हुआ था। साथ ही गंदगी भी बिखरी हुई। वहीं आगे बढने पर दो आवासों के बीच में कूड़ा डंप करा जा रहा था। कालोनी में गंदगी देखकर डीआरएम ने सफाई कराने के निर्देश दिए। करीब सवा एक बजे डीआरएम कार से रवाना हो गए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ सीनियर डीसीएम आरके श्रीवास्तव, सीनियर डीओएम जवाहर राम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी सीएल शाह मौजूद रहे। स्टेशन अधीक्षक ओमप्रकाश मीना ने अधिकारियों को स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों से अवगत कराया।
--------
सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तारीकरण का होगा काम
बदायूं। डीआरएम के मुताबिक स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज, लेडीज एंड जेंट्स टॉयलेट, रिटायरिंग रूम बनाए जाने की प्लानिंग है। साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तारीकरण का काम भी किया जा रहा है, जिससे स्टेशन को शानदार बनाया जा सके।
--------
22 मीटर की बनेगा ओवरहेड टैंक
बदायूं। रेलवे स्टेशन के पश्चिम छोर पर स्थित पुरानी टंकी को टपकता देखकर डीआरएम ने पूछा कि ओवरहेड टैंक का निर्माण कब तक हो पाएगा। इस पर अधिकारियों ने कहा कि टैंक का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। कहा कि ओवरहेड टैंक करीब 22 मीटर ऊंचा बनाया जाएगा, जबकि पहले से स्थित टैंक करीब 12 मीटर ऊंचा है।
--------
स्टेशन पर बनेगा वीआईपी वेटिंग रूम
बदायूं। रेलवे स्टेशन पर तमाम सुविधाएं होने के क्रम में स्टेशन पर वीआईपी वेटिंग रूम बनेगा। स्टेशन अधीक्षक के कक्ष से सटे रूम को ही वीआईपी गेस्ट रूम बनाने के लिए चुना गया है।